राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पलामू के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 3 स्वर्ण सहित 6 पदक जीते
डीसी ने पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित, कहा : मेहनत और अनुशासन से हासिल किया जा सकता है हर लक्ष्य
Palamu : बोकारो के चंदनकियारी स्थित स्पोर्ट्स परिसर में आयोजित तृतीय झारखंड राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 में पलामू जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण पदक समेत कुल 6 पदक अपने नाम किए।खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर शनिवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने अपने कार्यालय कक्ष में पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान शॉट पुट में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली सुहानी सिंह एवं डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली शिवानी कुमारी को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि की सराहना की गई।

उपायुक्त ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर मेहनत की भावना विकसित करता है। पलामू के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह जिले के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि आज की उपलब्धि को अंतिम पड़ाव न मानें, बल्कि इसे आगे बढ़ने की शुरुआत बनाएं। लक्ष्य बड़ा रखें, नियमित अभ्यास करें और अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने का प्रयास करें। मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने वाले खिलाड़ियों के लिए सफलता की संभावनाएं हमेशा बनी रहती हैं।उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि पलामू में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही मंच, मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन देने की। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों से अपने प्रदर्शन को और बेहतर करने के साथ-साथ जिले के अन्य युवाओं को भी खेल के प्रति प्रेरित करने की अपील की।




