राष्ट्रीय विज्ञान सप्ताह: भारतीय वैज्ञानिकों के प्रेरणादायी योगदान से रूबरू हुए विद्यार्थी

Latehar : सरस्वती विद्या मंदिर, धर्मपुर पथ, लातेहार में आयोजित विज्ञान सप्ताह के अंतर्गत सातवें दिन का कार्यक्रम भारतीय वैज्ञानिकों के जीवन, उनके वैज्ञानिक योगदान तथा भारत की अंतरिक्ष यात्रा को समर्पित रहा।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना तथा देश के महान वैज्ञानिकों के प्रति सम्मान का भाव विकसित करना था।कार्यक्रम के दौरान बहन रुचि कुमारी ने भारत के महान परमाणु वैज्ञानिक डॉ. होमी जहांगीर भाभा के जीवन एवं योगदान पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। वहीं बहन आराध्या सिंह ने जगदीश चंद्र बसु के वैज्ञानिक योगदान एवं उनके प्रेरणादायी व्यक्तित्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

विद्यालय की आचार्या सुश्री नीलम कुमारी ने भारतीय रसायन विज्ञान की अग्रणी वैज्ञानिक आशिमा चटर्जी के जीवन एवं शोध कार्यों पर विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी।कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यार्थियों को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की स्थापना से लेकर उसकी प्रमुख उपलब्धियों तक की प्रेरक यात्रा से परिचित कराया गया। साथ ही भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक डॉ. विक्रम अंबालाल साराभाई की संक्षिप्त जीवनी प्रस्तुत की गई।विद्यार्थियों को “साइकिल से रॉकेट तक और फिर चाँद तक का सफर” विषय पर आधारित एक प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री वीडियो भी दिखाया गया, जिसमें भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के संघर्ष, विकास और चंद्रयान जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियों को सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। डॉक्यूमेंट्री ने विद्यार्थियों में विज्ञान एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति विशेष उत्साह और जिज्ञासा उत्पन्न की।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पलामू विभाग के पर्यावरण प्रमुख धर्मेन्द्र जयसवाल की गरिमामई उपस्थिति रही विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान की भावना और राष्ट्र निर्माण में विज्ञान की भूमिका को समझने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिकों के जीवन से प्रेरणा लेकर नवाचार एवं ज्ञानार्जन के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!