
रिकॉर्ड जीत के बाद डीजे के साथ निकली आभार यात्रा
Latehar : बरवाडीह व्यवसायिक संघ के चुनाव में रिकॉर्ड मतों से शानदार जीत दर्ज करने के बाद निर्वाचित अध्यक्ष दीपक राज ने रविवार की देर शाम बरवाडीह बाजार में डीजे और समर्थकों के साथ भव्य आभार यात्रा निकालकर व्यवसायियों का आभार जताया।
जीत के जश्न में पूरा बाजार गुलाल, मिठाई, आतिशबाजी और व्यवसायिक एकता जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। आभार यात्रा की शुरुआत पंचमुखी शिव मंदिर परिसर से हुई। दीपक राज अपने समर्थकों के साथ पैदल बाजार के विभिन्न हिस्सों में पहुंचे। उन्होंने आदर्श नगर रोड, मुर्गा मंडी, सब्जी मार्केट, विश्वनाथ मार्केट, बस स्टैंड और बाजार शेड क्षेत्र में एक-एक दुकान पर जाकर दुकानदारों से हाथ जोड़कर चुनाव में मिले समर्थन के लिए आभार जताया। इस दौरान दुकानदारों और राहगीरों के बीच मिठाइयां भी बांटी गईं।
डीजे की धुन पर समर्थक जमकर झूमते नजर आए। जगह-जगह समर्थकों ने दीपक राज को गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी। आतिशबाजी के बीच निकली आभार यात्रा को देखने के लिए बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई। दीपक राज ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि बरवाडीह के पूरे व्यवसायिक परिवार की जीत है।
उन्होंने कहा कि चुनाव समाप्त हो चुका है और अब सभी व्यवसायियों को साथ लेकर बाजार की समस्याओं के समाधान और व्यवसायिक एकता को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। आभार यात्रा में शिवनारायण प्रसाद उर्फ बबलू समेत बड़ी संख्या में व्यवसायी और समर्थक शामिल रहे। पूरी यात्रा के दौरान व्यवसायिक एकता जिंदाबाद के नारों से बाजार का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।





