
डीएमएफटी फंड से 6.70 मीट्रिक टन जीराफूल चावल का फ्लैग ऑफ
Latehar : जिले के किसानों द्वारा उत्पादित प्रसिद्ध जीराफूल चावल को व्यापक बाजार तक पहुँचाने एवं किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त संदीप कुमार, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, डीपीएम जेएसएलपीएस संतोष कुमार द्वारा हरी झंडी दिखाकर 6.70 मीट्रिक टन जीराफूल चावल के वाहन को गुड़गांव दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
यह प्रेषण महुआडांड़ FPC (Farmer Producer Company) के माध्यम से “किसान से” जो कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है उससे किया गया है। कार्यक्रम को जिला प्रशासन, लातेहार एवं DMFT फंड का सहयोग प्राप्त हुआ।इस पहल का उद्देश्य स्थानीय किसानों के उत्पाद को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना, उनकी आय में वृद्धि करना तथा लातेहार के प्रसिद्ध जीराफूल चावल को व्यापक पहचान दिलाना है।
यह पहल जिले में कृषि आधारित आजीविका को बढ़ावा देने, स्थानीय उत्पादों के मूल्यवर्धन एवं किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।





