
रेड़मा ओवर ब्रिज पर डिवाइडर से टकराया बाइक, 4 युवक गंभीर रूप से घायल
Palamu : मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेडमा ओवरब्रिज पर बीती रात बाइक दुर्घटना में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गर्दा गांव निवासी गनौरी राम के पुत्र सकेंद्र कुमार, संतोष पासवान के पुत्र कुश कुमार पासवान, संजय चंद्रवंशी के पुत्र सोनू चंद्रवंशी तथा रविंद्र राम के पुत्र राजन राम शामिल हैं।

घटना के संबंध में बताया गया कि सभी युवक एक ही बाइक पर सवार होकर एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने के बाद घूमने के लिए डाल्टेनगंज रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रेडमा ओवरब्रिज पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीनगर मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घायल सोनू चंद्रवंशी का इलाज रांची में चल रहा है, जबकि दूसरे रेफर घायल का उपचार मेदिनीनगर के एक निजी क्लीनिक में कराया जा रहा है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर बाइक के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।



