
लाइफ लाइन हॉस्पिटल में लापरवाही का मामला आया सामने, 23 वर्षीय युवक की मौत
Palamu : मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के मुस्लिम नगर मोहल्ले में स्थित लाइफ लाइन केयर हॉस्पिटल में लापरवाही का एक मामला सामने आया है। लापरवाही के कारण एक किडनी रोग से ग्रसित मरीज की मौत हो गई।मृतक की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के होइयो गांव निवासी जगनारायण सिंह के पुत्र कांग्रेस सिंह उम्र 23 वर्ष के रूप में की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मृतक के पिता जगनारायण सिंह ने बताया कि वह 10 दिन पहले लाइफ लाइन हॉस्पिटल में अपने पुत्र कांग्रेस कुमार को इलाज के लिए लेकर पहुंचे थे। वहां के चिकित्सकों ने उन्हें बताया था कि यहां पर आपके पुत्र कांग्रेस सिंह इलाज के बाद बिल्कुल ठीक हो जाएगा।इलाज के लिए हॉस्पिटल संचालक ने डेढ़ लाख रुपए ले लिए। इसके बाद भी मरीज के स्वास्थ में कोई सुधार नहीं हुआ।

मंगलवार को लाइफ लाइन हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने कांग्रेस कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रांची रेफर कर दिया था। परंतु परिजन कांग्रेस सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने कांग्रेस कुमार को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।वही घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और पुलिस जवान अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना के बारे में जानकारी लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गए हैं।



