
लातेहार मुख्य पथ पर भीषण जाम, घंटों फंसे रहे लोग
लातेहार: जिला मुख्यालय के मुख्य पथ पर लगातार लग रहे सड़क जाम से शहरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर मंगलवार को लगने वाले साप्ताहिक हाट के दिन स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।मंगलवार को शहर के जुवली चौक पर लगभग एक घंटे तक भीषण जाम की स्थिति बनी रही। जानकारी के अनुसार दोपहर 12:30 बजे से लेकर करीब डेढ़ बजे तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।इस दौरान तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच लोग जाम में फंसे रहे, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हुई, जिन्हें जाम के कारण लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। वहीं, कई स्कूल वाहनों के भी जाम में फंसने की खबर है, जिससे स्कूली बच्चों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।स्थानीय लोगों का कहना है कि साप्ताहिक हाट के दिन यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए प्रशासन को विशेष व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि इस तरह की समस्या से निजात मिल सके।





