लोडेड पिस्टल के साथ अवैध हथियार तस्करी गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार,

Ranchi : पूर्वी सिंहभूम जिले के जुगसलाई थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

आरोपितों की निशानदेही पर एक लोडेड देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि मामला हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है और इसके तार अन्य आपराधिक गतिविधियों से भी जुड़े होने की आशंका है।

इस संबंध में सिटी एसपी ललित मीणा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 03 जून को वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय को जुगसलाई क्षेत्र में अवैध हथियारों की डिलीवरी की गुप्त सूचना मिली।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गरीब नवाज कॉलोनी स्थित रेलवे पुल के नीचे छापेमारी कर दो संदिग्धों को धर दबोचा।

गिरफ्तार युवकों की पहचान जाहिद हुसैन उर्फ विक्की (25) और मो रेहान हुसैन (19) के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में दोनों ने अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर रेलवे पुल के नीचे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एक लोडेड देसी पिस्टल और 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। साथ ही दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपित जाहिद हुसैन उर्फ विक्की ने खुलासा किया कि अवैध हथियारों की बाजार में 40 हजार से 60 हजार रुपये तक में बिक्री होती है। उसने बताया कि वह हथियार सप्लायरों और खरीददारों के बीच संपर्क स्थापित करने का काम करता था और हथियारों की डिलीवरी कराने में भूमिका निभाता था। पुलिस को आशंका है कि आरोपित लंबे समय से इस अवैध नेटवर्क का हिस्सा रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जाहिद हुसैन उर्फ विक्की का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2024 और 2025 में भी वह हथियार संबंधी मामलों में पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है।

इस संबंध में जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!