विद्यालय व समाज को नशा मुक्त बनाने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : D.C. Palamu

Palamu : दिनांक 15 जून 2026 से 26 जून 2026 तक पूरे राज्य में निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाये जाने वाले राज्यव्यापी अभियान को लेकर गुरुवार को मेदिनीनगर के टाउन हॉल में शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षकों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ कुमार एवं जिला शिक्षा अधीक्षक संदीप कुमार,एडीपीओ अम्बुजया पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि नशा से खराब कुछ और नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि युवा वर्ग तेजी से नशे की चपेट में आ रहा है और अब इसका प्रभाव शिक्षण संस्थानों तक भी पहुंच चुका है। ऐसे में विद्यालयों को नशा मुक्त बनाये रखने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल विद्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को भी नशे के दुष्प्रभाव से बचाने की जिम्मेदारी उन पर है। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपने-अपने विद्यालयों में मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने एवं विद्यार्थियों के बीच लगातार जागरूकता संदेश देने का आह्वान किया।

उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि विद्यालयों में मानव श्रृंखला, पेंटिंग प्रतियोगिता, स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान संचालित किया जाये। उन्होंने कहा कि नशा एक दलदल के समान है और हमारे युवा एवं स्कूली बच्चे इस दलदल में न फंसे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यशाला के दौरान 15 जून से 26 जून तक संचालित होने वाले अभियान के अंतर्गत विभिन्न तिथियों में आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों, संबंधित विद्यालयों तथा शिक्षकों की भूमिका की विस्तृत जानकारी भी दी गयी।

साथ ही अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये गये साथ ही मौके पर उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति को लेकर शपथ भी दिलाया गया।
मौके पर उपरोक्त पदाधिकारियों के अलावा जिले के विभिन्न स्तर के विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अन्य कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!