व्यवसायिक संघ अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों ने किया नामांकन

Latehar : बरवाडीह में नए व्यवसायिक संघ के गठन को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान अध्यक्ष व राज कम्प्यूटर के संचालक दीपक राज और रंगोली हार्डवेयर के संचालक मनोज प्रसाद ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में ताल ठोक दी है। वर्तमान अध्यक्ष दीपक राज ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।

वहीं मनोज प्रसाद ने भी अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। दोनों प्रत्याशियों के मैदान में उतरने के बाद अध्यक्ष पद का चुनाव दिलचस्प हो गया है और व्यवसायियों के बीच चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। नामांकन के बाद दीपक राज ने कहा कि बाजार के समुचित विकास के लिए सोलर स्ट्रीट लाइट, बंद पड़े शौचालयों को चालू कराने, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रयास उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि व्यवसायियों की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही किसी भी दुकानदार भाई पर परेशानी आने पर वे हमेशा की तरह उसके साथ मजबूती से ढाल बनकर खड़े रहेंगे।

वहीं प्रत्याशी मनोज प्रसाद ने भी व्यवसायियों की समस्याओं को मजबूती से उठाने और उनके हित में काम करने की बात कही। बताया गया कि व्यवसायिक संघ के नए अध्यक्ष के चयन के लिए 30 अगस्त, रविवार को चुनाव कराया जाएगा। चुनाव को लेकर व्यवसायियों में उत्साह है और दोनों प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हैं।

चुनाव परिणाम के बाद संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। अब यह चुनाव व्यवसायियों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है कि वे वर्तमान अध्यक्ष दीपक राज के कार्यों और अनुभव पर दोबारा भरोसा जताते हैं या मनोज प्रसाद को नेतृत्व का अवसर देते हैं। फैसला 30 अगस्त को मतदान के बाद होगा।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!