संदिग्ध परिस्थिति में मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
Palamu : मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के रजवाडीह गांव में सोमवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता का शव पुलिस ने बरामद किया है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
मृतिका की पहचान सदर थाना क्षेत्र के रजवाडीह गांव निवासी मिथिलेश कुमार साव की पत्नी चंचला कुमारी उम्र 20 वर्ष के रूप में की गई है।इस घटना के बारे में मृतिका की मां तरहसी थाना क्षेत्र के भालोगाड़ी गांव निवासी रीता कुंवर ने बताया की सोमवार की शाम करीब 7:00 बजे मेरी बेटी चंचला कुमारी के ससुराल से फोन आया कि आपकी बेटी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब हम ससुराल पहुंचे तो देखा कि हमारी बेटी चंचला कुमारी फांसी के फंदे से लटकी पड़ी थी।
रीता कुंवर ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2025 अप्रैल महीने में उन्होंने अपनी बेटी की शादी राजवाडीह गांव निवासी मिथिलेश कुमार साव से की थी। शादी के कुछ महीने के बाद से ही ससुराल वाले चंचला कुमारी को प्रताड़ित करते रहते थे। उन्होंने बताया कि मेरी बेटी की हत्या कर उसके शव को फांसी के फंदे से लटका कर आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।जानकारी के अनुसार मृतिका चंचला कुमारी के पति बाहर में काम करते हैं और उसका एक माह का दुधमुहा बच्चा भी है।वही इस घटना के बाद से पुलिस घटना से संबंधित मामले की छानबीन में जुट गई है।





