सड़क हादसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे की मौत

Indour : मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे प्रभात सिंह की मौत हो गई। हादसा शिप्रा थाना क्षेत्र में रात करीब 11 बजे हुआ, जब वे देवास से इंदौर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। शुक्रवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को एयर लिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया, जबकि अंतिम संस्कार उत्तर प्रदेश में किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार प्रभात सिंह (29) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती क्षेत्र स्थित गायघाट गांव के निवासी थे। उनके पिता प्रदीप सिंह रिश्ते में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भाई लगते हैं। प्रभात अपने तीन परिचितों के साथ किसी निजी कार्य से देवास आए थे और देर रात कार से इंदौर लौट रहे थे। बताया गया है कि शिप्रा क्षेत्र के पास किसी आवश्यक काम के लिए उन्होंने सड़क किनारे वाहन रोका था। कुछ देर बाद जब वे वापस कार में बैठने के लिए बढ़े, तभी तेज रफ्तार से आ रही बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे कई फीट दूर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। उनके साथियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें इंदौर के अरबिंदो अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रभात सिंह की असामयिक मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। विशेष अनुमति लेकर रात करीब तीन बजे पोस्टमार्टम कराया गया, ताकि पार्थिव शरीर को जल्द परिजनों तक पहुंचाया जा सके। शुक्रवार सुबह उनके शव को विशेष विमान के माध्यम से एयर लिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया। वहां से पार्थिव शरीर को उत्तर प्रदेश ले जाया जाएगा, जहां परिवार की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

अस्पताल पहुंचे जनप्रतिनिधि और अधिकारी

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही देर रात सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी अरबिंदो अस्पताल पहुंचे। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी की।

फरार बस चालक की तलाश में पुलिस

हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। शिप्रा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बस की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चालक की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी विस्तृत जांच की जा रही है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!