सांसद वीडी राम की बड़ी पहल : मेदिनीनगर जिला पुस्तकालय के विकास के लिए स्वीकृत हुआ 87 लाख रुपया
Palamu :.पलामू संसदीय क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। सांसद पलामू विष्णु दयाल राम की अनुशंसा एवं लगातार किए गए प्रयासों के फलस्वरूप मेदिनीनगर के साहित्य समाज चौक स्थित जिला पुस्तकालय के विकास एवं निर्माण के लिए शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के द्वारा ₹87 लाख की राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से ₹65.25 लाख रुपए की राशि जारी की जा चुकी है।

शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा 14 जुलाई 2026 को सांसद श्री राम को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि राष्ट्रीय पुस्तकालय मिशन (NML) की “सेटिंग अप ऑफ एनएमएल मॉडल लाइब्रेरी” योजना के अंतर्गत वर्ष 2023-24 में डिस्ट्रिक्ट लाइब्रेरी, पलामू के लिए उक्त राशि स्वीकृत की गई है।
सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि पलामू के विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर अध्ययन का वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। जिला पुस्तकालय के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिक सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को विशेष लाभ मिलेगा।
श्री राम ने कहा कि पुस्तकालय ज्ञान, शिक्षा एवं भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है। आने वाले समय में पुस्तकालय में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार एवं इसे और अधिक आधुनिक एवं उपयोगी बनाने के लिए भी आवश्यक पहल की जाएगी।




