हरिहरगंज : दो नाबालिगों युवतियों को भगाने वाले दो युवक गिरफ्तार, जेल भेजे गए
कुछ ही घंटों में पुलिस ने दोनों लड़कियों को सकुशल किया बरामद, परिजनों ने ली राहत की सांस
Palamu : हरिहरगंज थाना की पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को घर से भगाकर ले जाने के मामले में शनिवार को दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों लड़कियों को महज कुछ घंटों में सकुशल बरामद कर लिया.

लड़कियों के बरामद होने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।पुलिस निरीक्षक सह हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि शुक्रवार को परिजनों ने दो नाबालिग लड़कियों के गायब होने तथा उन्हें बहला-फुसलाकर घर से ले जाने की शिकायत दर्ज करायी थी. शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और दोनों लड़कियों को कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया.
मामले में आरोपी सुजित कुमार और प्रियांशु कुमार को गिरफ्तार किया गया है. दोनों आरोपी हरिहरगंज शहरी क्षेत्र के रहने वाले हैं. थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व घर से निकली दो शादीशुदा महिलाओं को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. इनमें एक महिला को जम्मू-कश्मीर तथा दूसरी को बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर क्षेत्र से बरामद किया गया है. पुलिस की लगातार कार्रवाई से परिजनों को राहत मिली है.




