
हुसैनाबाद में हाहाकार ! जेपी चौक जपला की जलमीनार विगत 5 दिनों से खराब, पानी के लिए भटक रहे दुकानदार व राहगीर
Palamu : भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच हुसैनाबाद नगर पंचायत की उदासीनता के कारण आम जनता पीने की पानी के लिए बेहद परेशान हैं।शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक, जेपी चौक पर स्थित जलमीनार पिछले पांच दिनों से खराब पड़ी है। इस खराबी के कारण स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और सबसे ज्यादा रेल यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जेपी चौक मुख्य मार्ग होने के कारण यहां से हर दिन बड़ी संख्या में रेल यात्री स्टेशन के लिए आवागमन करते हैं। स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि धूप के कारण गले सूख रहे हैं, लेकिन नगर प्रशासन को इसकी कोई परवाह नहीं है।

जलमीनार को ठीक कराने के लिए स्थानीय दुकानदारों ने नगर पंचायत अध्यक्ष अजय भारती को दो से तीन बार फोन कर समस्या से अवगत कराया। इसके बावजूद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो बुधवार को दुकानदार खुद नगर पंचायत कार्यालय पहुंच जलमीनार को अविलंब दुरुस्त कराने का आग्रह किया।
लेकिन अब तक धरातल पर कोई पहल नहीं की गई है। नगर पालिका के कर्मचारी और अधिकारी इस गंभीर संकट पर पूरी तरह मौन साधे बैठे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने जल्द ही जलमीनार को ठीक कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने का आग्रह किया है।



