हैदरनगर में भीषण एक्सीडेंट, स्कूटी सवार व्यक्ति की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को किया जाम
Palamu : हैदरनगर-मोहम्मदगंज मुख्य पथ पर सबनवा गांव के समीप रविवार को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार डाली गांव निवासी शंभू राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा और फरार वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हैदरनगर-मोहम्मदगंज मुख्य पथ जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर हैदरनगर और मोहम्मदगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है। पुलिस फरार पिकअप वाहन और चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। समाचार लिखे जाने तक जाम जारी था।




