
हैदरनगर में 200 केवीए का ट्रांसफार्मर डेड, भीषण गर्मी में तड़प-तड़प कर मर रहे हैं लोग, बिजली विभाग मौन
Palamu : प्रखंड मुख्यालय के मुख्य बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास लगा 200 केवीए का ट्रांसफार्मर पिछले कई दिनों से पूरी तरह डेड हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रांसफार्मर को मिस्त्री द्वारा कई बार ठीक करने का प्रयास किया गया, लेकिन सफल नहीं हो सका।
ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे बाजार क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने से घरों में लगे इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो गए हैं और मोबाइल चार्जिंग तक की समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली बाधित होने से निजी घरों में लगे पानी पंप भी बंद पड़े हैं, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है। वहीं भीषण गर्मी में बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

इस संबंध में ग्रामीणों ने हेल्पलाइन नंबर 9031110120 पर भी सूचना दी, जिसमें उज्ज्वल पांडेय, जयनंदन पांडेय, हिमांशु तिवारी सहित अन्य लोगों ने विभागीय अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। हालांकि अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों ने सांसद प्रतिनिधि अजय जयनवाल के माध्यम से सांसद विष्णु दयाल राम को भी लिखित एवं ई-मेल द्वारा अवगत कराया है और जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।



