अज्ञात लोगों ने अस्थायी होटलनुमा झोपड़ी में लगायी आग

Palamu : हरिहरगंज शहर से सटे कुटुंबा थाना क्षेत्र के टंडवा रोड स्थित फ्लाईओवर ब्रिज के समीप सर्विस रोड पर संचालित एक अस्थायी होटलनुमा झोपड़ी में अज्ञात लोगों ने रात्रि में आग लगा दी. फूस व प्लास्टिक से बनी झोपड़ीनुमा होटल में आग लगने से चौकी समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया. वहीं, होटल में रखा चूल्हा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया.

पीड़ित होटल संचालक हरिहरगंज नगर पंचायत क्षेत्र के सतगावां मोहल्ला निवासी जीतन पासवान ने बताया कि शनिवार की शाम होटल बंद कर वह अपने घर चले गये थे. रविवार की सुबह उन्हें होटल में आग लगने की जानकारी मिली. मौके पर पहुंचने पर होटल पूरी तरह जला हुआ था तथा चौकी सहित अन्य सामान राख हो चुका था. जीतन पासवान ने बताया कि घटना से एक दिन पूर्व कुछ लोग होटल पर पहुंचे थे और होटल संचालित करने पर आपत्ति जताते हुए उसे तत्काल बंद करने की धमकी दी थी. इसके बाद अगले ही दिन होटल में आग लगने की घटना से परिवार के लोग चिंतित हैं. हालांकि, आग किसने लगायी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है.

पीड़ित की पत्नी रीता देवी ने बताया कि उनका परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है. पति-पत्नी ने किसी तरह मेहनत कर छोटी-सी होटलनुमा झोपड़ी तैयार की थी. इसी से परिवार की आमदनी की उम्मीद थी, लेकिन आगजनी की घटना से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया. उन्होंने कहा कि घटना से पूरा परिवार दुखी और चिंतित है. उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है. पीड़ित जीतन पासवान ने कुटुंबा थाना में आवेदन देकर घटना की जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है.

घटना की सूचना मिलने पर सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन, कृष्ण कुमार साव, शंभु यादव व विनोद पासवान मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. आगजनी के पीछे का कारण और घटना में शामिल लोगों की पहचान जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!