Jharkhand के 3 जिलों में भारी बारिश का Red Alert जारी
Ranchi : झारखंड में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के तीन जिलों में अत्यंत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें चतरा, रामगढ़ और हजारीबाग शामिल हैं। इन जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने इसके अलावा पलामू, लातेहार और गढ़वा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है।विभाग ने लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।विभाग के अनुसार, राज्य में 21 अगस्त तक कई जिलों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया है।सोमवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह मौसम अपेक्षाकृत साफ रहा। बीच-बीच में धूप भी खिली। हालांकि दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए और शहर के कई इलाकों में मध्यम दर्जे की बारिश हुई।बारिश के कारण तापमान में भी बदलाव देखने को मिला।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गरज, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में अत्यंत भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।



