
उत्तर प्रदेश में हुए सड़क दुर्घटना में पलामू के 4 लोगों की मौत
Lakhnau-Ranchi : उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में स्थित दरगाह शरीफ किछौछा से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की कार कोतवाली थाना देवगांव के समीप भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही 4 लोगों की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पलामू के डाल्टनगंज में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में डाल्टनगंज छोटी मस्जिद के सामने स्थित किताब घर के संचालक हाफिज़ रज्जाक, सब्जी मंडी के व्यवसायी शोहराब राईन वाहन चालक व एक और व्यक्ति शामिल हैं।

सभी लोग उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में स्थित दरगाह शरीफ किछौछ से जियारत कर लौट रहे थे। तभी उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतक के शवों को कब्जे में लेकर पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।
घटना की खबर जैसे ही डाल्टनगंज पहुंची, मृतकों के परिजनों और शुभचिंतकों में कोहराम मच गया। शहर के विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों की मगफिरत और परिजनों को सब्र प्रदान करने की दुआ की है।
पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।




