
चैनपुर के महिलाओं के लिए खुशखबरी, डीसी के प्रयास से खुला कोयल अपेरल पार्क, हुआ मानदेय का भुगतान
Palamu : चैनपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में उपायुक्त समीरा एस ने कोयल अपेरल पार्क का औचक निरीक्षण किया। वहीं महिलाओं को मासिक मानदेय का चेक भुगतान किया गया। पलामू उपायुक्त समीरा एस एवं उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन तथा JSLPS के जिला कार्यक्रम प्रबंधक द्वारा संयुक्त रूप से कोयल अपेरल पार्क में कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूह की दीदियों को उनका प्रथम मानदेय चेक के माध्यम से किया गया।
ज्ञातव्य हो कि वर्षों से बंद पड़े कोयल अपेरल पार्क को खुलवाने के लिए तथा महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के लिए उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त प्रयत्नशील थे। कई कंपनियों से बात करने के बाद अंततः लीजर एंड लाइफ स्टाइल कंपनी को अंडरगार्मेंट सिलाई हेतु चयन किया गया।

कोयल अपेरल पार्क चैनपुर में अभी 60 स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा सिलाई का कार्य किया जा रहा है। आगामी छह माह के अंदर 250 और दीदियों को सिलाई के कार्य में लगाने का लक्ष्य है। स्वयं सहायता समूह की वैसी दीदी जिन्होंने rseti से सिलाई का प्रशिक्षण प्राप्त किया है, वो आवेदन कर सकती हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सरकार महिलाओं के विकास को लेकर प्रयत्नशील है। महिलाओं को अपने घर पर रोजगार मिलने से घर, परिवार और समाज में भी आर्थिक उन्नति होगी। उप विकास आयुक्त ने कहा कि कोयल अपेरल पार्क में महिलाओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है, इसमें चारदीवारी निर्माण, डीलक्स शौचालय, पानी, सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। महिलाएं तरक्की करें, सरकार की ये दूरदर्शी सोच है।
इस अवसर पर jslps के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता केरकेट्टा, जिला प्रबंधक नवल किशोर राजू, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक वैभव कांत आदर्श, प्रखंड परियोजना पदाधिकारी राजीव भारद्वाज तथा लीजर एंड लाइफस्टाइल के शैकत चटर्जी उपस्थित थे।




