
छतरपुर : जंगल से भटककर छतरपुर काला पहाड़ गांव पहुंचा मोर, ग्रामीणों ने सुरक्षित वन विभाग को सौंपा
PALAMU : छतरपुर थाना क्षेत्र के काला पहाड़ वन क्षेत्र गांव में एक राष्ट्रीय पक्षी मोर भटक कर पहुंच गया था।मंगलवार को मोर को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई थी।अचानक गांव में मोर को देख कर ग्रामीण उत्साहित हो उठे।हालांकि ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए उसे किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाया और सुरक्षित पकड़ लिया।ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम काला पहाड़ गांव पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मोर को सुरक्षित अपने साथ ले गई. वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संभवतः जंगल क्षेत्र से भटककर मोर घने आबादी वाले इलाके में पहुंच गया था. उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया है।
ग्रामीण विक्रम पासवान, सचिन ,अनुज, विश्वनाथ, ओम प्रकाश, केदार पासवान, प्रवेश यादव, पप्पू चंद्रवंशी प्रमोद की सतर्कता एवं जागरूकता की इलाके में सराहना की जा रही है.
लोगों का कहना था कि मोर देश का राष्ट्रीय पक्षी है और इसकी सुरक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है. वन विभाग ने भी लोगों से वन्य जीव दिखने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाने तथा तुरंत प्रशासन और वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।




