जपला रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 80 लीटर अवैध देसी शराब बरामद

बरवाडीह–डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन में लावारिस बोरी और झोले से मिली 400 बोतल शराब,आबकारी विभाग को सौंपा गया मामला

Palamu : अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जपला ने बड़ी सफलता हासिल की है। आरपीएफ ने जपला रेलवे स्टेशन पर बरवाडीह–डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन की तलाशी के दौरान 80 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत 18 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंची बरवाडीह–डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन (संख्या 53349 अप) के सामान्य कोच की सघन जांच की गई। तलाशी के दौरान शौचालय के पास संदिग्ध अवस्था में रखी दो बोरियां और एक झोला मिला। यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी उक्त सामान पर अपना दावा नहीं किया।इसके बाद आरपीएफ टीम ने सामान की तलाशी ली, जिसमें ‘रॉयल झारखंड डीलक्स’ ब्रांड की 400 बोतल (कुल 80 लीटर) अवैध देसी शराब बरामद हुई। सभी बोतलों पर “फॉर सेल इन झारखंड ओनली” अंकित था।

यह कार्रवाई वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के मार्गदर्शन एवं आरपीएफ जपला के निरीक्षक प्रभारी संतोष कुमार झा के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान में उपनिरीक्षक रामनरेश राम, मुख्य आरक्षी सुभाष चंद्र यादव, राजनाथ तथा आरक्षी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव की सक्रिय भूमिका रही।

आरपीएफ ने जब्त शराब की सूची तैयार कर 23 जुलाई को उत्पाद विभाग, डालटनगंज को सौंप दिया। इस संबंध में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि रेलवे मार्ग से अवैध शराब तस्करी रोकने के लिए आगे भी विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!