जोड़ गांव में बछड़े से टकराई तेज रफ्तार बाइक, साला-बहनोई हुए गंभीर रूप से घायल, बछड़े की हुई मौत
Palamu : मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के जोड़ गांव में बुधवार रात तेज रफ्तार मोटरसाइकिल एक बछड़े से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार साला-बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए।जबकि बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को टेंपो से मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया। घायलों की पहचान जोड़ गांव निवासी रवि कुमार (पिता- अनिल राम) और नरही निवासी अनिल राम (पिता- बिहारी राम) के रूप में हुई है। दोनों का एमएमसीएच में इलाज चल रहा है।

अस्पताल चौकी के पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को भर्ती कराया।घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस टीम के साथ रात करीब साढ़े आठ बजे घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सड़क पर पड़े मृत बछड़े को हटवाकर गड्ढा खुदवाकर सम्मानपूर्वक दफन कराया, जिससे यातायात भी सामान्य हो सका।




