हुसैनाबाद में यातायात नियमों की खुली अनदेखी! मानक नंबर प्लेट के बिना दौड़ रही महिंद्रा थार
Palamu : हुसैनाबाद क्षेत्र में यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जपला–बारुण मार्ग स्थित दंगवार में एक महिंद्रा थार मानक एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) के बिना सड़क पर चलती दिखाई दी। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवान मौजूद होने के बावजूद वाहन के विरुद्ध कोई कार्रवाई होती नहीं दिखी।
14 जुलाई 2026 को ली गई तस्वीर में काले रंग की महिंद्रा थार के अगले हिस्से पर काले रंग की पृष्ठभूमि पर सफेद अक्षरों में जेएच–01 एफजेड–2048 अंकित है। प्रथम दृष्टया यह नंबर प्लेट निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं प्रतीत होती। वहीं, वाहन के निकट पुलिसकर्मी एवं सुरक्षाकर्मी भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं। परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार 1 अप्रैल 2019 के बाद पंजीकृत सभी वाहनों में एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) लगाना अनिवार्य है। इस प्लेट में सफेद परावर्तक पृष्ठभूमि, अशोक चिह्न, होलोग्राम तथा अन्य सुरक्षा विशेषताएं होती हैं।

इसका उद्देश्य वाहनों की सही पहचान सुनिश्चित करना तथा फर्जी नंबर प्लेटों पर रोक लगाना है। यदि किसी निजी वाहन पर निर्धारित मानक के विपरीत कस्टम अथवा अनधिकृत नंबर प्लेट का उपयोग किया जाता है, तो यह केंद्रीय मोटर वाहन नियम, नियम–50 का उल्लंघन माना जाता है। ऐसे मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जब मौके पर पुलिस बल मौजूद था, तब नियमों का उल्लंघन कर रहे वाहन के विरुद्ध कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या यातायात नियमों का पालन केवल आम नागरिकों के लिए ही अनिवार्य है, या फिर सभी वाहन चालकों पर समान रूप से लागू होना चाहिए?अब लोगों की निगाहें परिवहन विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि इस मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है या नहीं।




