झारखंड के 12 जिलों में 5 अगस्त को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी

रांची : झारखंड के 12 जिलों में पांच अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में गर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों के साथ-साथ मध्यवर्ती क्षेत्र के हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद में भारी बारिश की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड हुआ। इस अवधि में सबसे अधिक 23.6 मिलीमीटर वर्षा दुमका जिले के महारो में दर्ज की गई।

शनिवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए और बीच-बीच में हल्की धूप भी निकली। इससे दिन में हल्की गर्मी और उमस महसूस की गई।

राज्य के प्रमुख शहरों में दर्ज तापमान के अनुसार रांची का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम 34.1 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 33.4 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.1 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 34.4 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!