झारखंड में फिर शुरू हुआ छात्र आंदोलन, पुलिस से धक्का-मुक्की के बीच बेहोश हुए छात्र नेता

Ranchi : झारखंड में छात्र आंदोलन फिर शुरू हो गया। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं को लेकर जारी छात्रों के आंदोलन के दौरान शुक्रवार को रांची में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच विवाद और धक्का-मुक्की के चलते छात्र नेता कुणाल प्रताप सिंह बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इधर, अस्पताल के बाहर जुटे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। वहीं कुणाल सिंह के अस्पताल में भर्ती होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में छात्र सदर अस्पताल पहुंच गए। छात्रों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अस्पताल के गेट पर ताला लगा दिया। छात्रों के अंदर जाने के प्रयास के बाद पुलिस ने उन्हें परिसर से हटाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इस दौरान कुछ छात्रों को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है।घटना के बाद सदर अस्पताल और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

प्रशासन की कार्रवाई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण : नवीन

छात्र नेता कुणाल प्रताप सिंह के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी के बाद उनसे मिलने के लिए भाजपा के हटिया विधायक नवीन जायसवाल और वरुण साहू सदर अस्पताल पहुंचे।नवीन जायसवाल ने कहा कि छात्र पिछले 26 दिनों से पूरे संयम के साथ आंदोलन कर रहे थे। सरकार के साथ वार्ता के बाद परीक्षा रद्द करने की जो स्थिति बनी, उसे छात्र पहले से ही सरकार की सोची-समझी साजिश मान रहे थे और दो दिनों के भीतर इसका पर्दाफाश भी हो गया।

उन्होंने कहा कि छात्र लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के खिलाफ मशाल जुलूस निकालकर अपना विरोध दर्ज करा रहे थे। इसी दौरान जिस तरह से लाठीचार्ज, मारपीट और प्रशासन की कार्रवाई सामने आई, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
मारपीट की कार्रवाई सामने आना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने संकेत दिया कि यदि स्थिति नहीं संभली तो आने वाले समय में झारखंड के युवा और बड़े स्तर पर सड़क पर उतर सकते हैं।

जानकारी के अनुसार, छात्र बापू वाटिका से रैली निकालकर अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए शहीद चौक की ओर जा रहे थे। छात्रों के पास मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला था। पुतला दहन को लेकर विवाद के दौरान छात्रों और कुछ लोगों के बीच धक्का-मुक्की हुई। छात्रों ने आरोप लगाया कि एक छात्रा के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।

घटना के बाद कुणाल प्रताप सिंह कथित तौर पर कुछ युवकों का पीछा करने लगे। इसी दौरान पुलिस और छात्रों के बीच भी धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। इसके बाद कचहरी चौक के पास कुणाल सिंह के बेहोश होने की सूचना मिली, जिसके बाद उन्हें ई-रिक्शा से सदर अस्पताल ले जाया गया। उनके साथ रविंद्र और अमित नाम के छात्रों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

जेपीएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के लिए 24 से भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा

जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के तहत चलाए जानेवाले आंदोलन की रूपरेखा तय कर ली गई है। छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने शुक्रवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि जेपीएससी-जेएसएससी सहित अन्य भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही की मांग को लेकर अब चरणबद्ध तरीके से आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा।

इसके तहत आगामी 24 अगस्त 2026 से रामगढ़ के नेमरा गांव से भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा शुरू होगी। यात्रा झारखंड के सभी 24 जिलों के प्रमुख स्थानों तक जाएगी। शैक्षणिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, पुस्तकालयों और छात्र समुदाय के बीच जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने 15 सितंबर 2026 को होने वाली न्यायालय की सुनवाई को आंदोलन के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। छात्र नेताओं ने उम्मीद जताई कि सरकार उस दिन अपना पक्ष प्रभावी ढंग से रखेगी। देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि यदि छात्रों के हित में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। आगे मुख्यमंत्री आवास घेराव, अनिश्चितकालीन झारखंड बंद और आर्थिक नाकेबंदी जैसे कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी। प्रखंड और गांव स्तर तक लोगों को जोड़ने की भी रणनीति बनाई गई है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!