झारखंड सरकार ने जारी किया अधिसूचना: 22 परीक्षा रद्द और 23 परीक्षाओं की जांच करेगी CID

Ranchi : झारखंड सरकार के कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा मंगलवार-बुधवार की रात्रि अधिसूचना जारी कर जेपीएससी और जेएसएससी द्वारा आयोजित एवं टीडीपीएल के माध्यम से संपादित CGL सहित 22 तरह की परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया और 23 तरह की परीक्षाओं को सीआईडी जांच का आदेश दिया गया।

जारी अधिसूचना में कहा गया है कि जेपीएससी और जेएसएससी द्वारा आयोजित एवं टीडीपीएल के माध्यम से संपादित वर्तमान की परीक्षाओं के संदर्भ में अनियमित की शिकायत के आलोक में सीआईडी के अनुसंधान के क्रम में सरकार के समक्ष लाए गए तथ्यों की पृष्ठभूमि में राज्य सरकार द्वारा परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया गया।

सरकार द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि
- जेपीएससी व जेएसएससी में अनियमितता एवं करदाचार को लेकर दर्ज कांड की सुनवाई हेतु फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने हेतु झारखंड हाई कोर्ट से अनुरोध किया जाएगा।
- जेपीएससी व जेएसएससी में आंतरिक निगरानी प्रकोष्ठ का गठन किया जाएगा।
- जेपीएससी-जेएसएससी में परीक्षा रिफॉर्म पर वृहत अध्ययन हेतु IAS अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की जाएगी।





