डीडीयू मंडल की बड़ी कार्रवाई, दो दिन में 1,058 बेटिकट यात्री पकड़े गए, 8.41 लाख रुपए से अधिक जुर्माना वसूला
हुसैनाबाद : पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 15 एवं 16 जुलाई को विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। डीडीयू, गया, डेहरी ऑन सोन, सासाराम स्टेशनों के साथ-साथ डेहरी ऑन सोन–जपला रेलखंड में चले इस अभियान के दौरान कुल 1,058 बेटिकट एवं अनियमित यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8,41,885 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

रेल प्रशासन के अनुसार 15 जुलाई को डीडीयू जंक्शन, गया, डेहरी ऑन सोन एवं सासाराम स्टेशनों पर एक साथ फोर्ट्रेस टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। वाणिज्य विभाग, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीमों ने प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, प्रवेश एवं निकास द्वारों के अलावा विभिन्न ट्रेनों में सघन जांच की। इस दौरान 867 यात्री बिना टिकट अथवा बिना वैध यात्रा प्राधिकार के यात्रा करते पाए गए, जिनसे 7,35,220 रुपए का जुर्माना वसूला गया।वहीं 16 जुलाई को डेहरी ऑन सोन–जपला रेलखंड में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।
विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में हुई जांच के दौरान 191 यात्री बिना टिकट अथवा बिना उचित यात्रा प्राधिकार के मिले, जिनसे 1,06,665 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
रेल प्रशासन ने अभियान के दौरान यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक भी किया।
अधिकारियों ने अपील की कि यात्री टिकट काउंटर, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, रेलवन मोबाइल ऐप अथवा ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन के माध्यम से टिकट लेकर ही यात्रा करें। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट यात्रा करना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है, इसलिए नियमों का पालन करते हुए ही यात्रा करें।




