पतकी जंगल में बाइक सवार पर हमला, रिम्स ले जाने के दौरान मौत

Latehar : सदर थाना क्षेत्र के एनएच-39 स्थित पतकी जंगल के समीप रविवार को अज्ञात अपराधियों ने मोटरसाइकिल सवार एक युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था, इसी दौरान चंदवा के समीप उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के परसही निवासी श्याम किशोर पासवान के पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि आशीष कुमार मोटरसाइकिल से लातेहार की ओर आ रहा था। इसी दौरान पतकी जंगल के समीप अज्ञात अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आशीष कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया। यहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया।

घायल का प्राथमिक उपचार करने वाले चिकित्सक डॉ. जेपी जायसवाल ने बताया कि युवक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर होने के कारण उसे रिम्स रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि जख्म की प्रकृति से किसी नुकीली वस्तु से हमला किए जाने की आशंका प्रतीत हो रही थी।

इधर, रांची ले जाने के दौरान चंदवा के समीप आशीष कुमार की मौत हो गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता ने युवक की मौत की पुष्टि की है।

घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास से जानकारी जुटाने के साथ-साथ हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!