
पलामू के मोहम्मदगंज में घर में घुसकर किया हमला, कई घायल, महिलाओं-बच्चियों से दुर्व्यवहार का आरोप
हुसैनाबाद (पलामू) : मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के बटऊआ गांव स्थित चौहान टोला में मंगलवार की रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक समुदाय विशेष से जुड़े 25 से 30 लोगों की भीड़ ने घर में घुसकर जमकर मारपीट की, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई महिला, पुरुष और बच्चों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है।घायलों की पहचान श्यामलाल चौहान, सुरेश्वर चौहान और मनोज चौहान के रूप में हुई है। सभी को पहले हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया। अन्य घायल परिवारजनों का भी उपचार कराया गया है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, गोराडीह गांव निवासी रफी आलम, सोनू खान समेत कुछ लोग उनके घर के पास खड़े होकर किसी से फोन पर गाली-गलौज कर रहे थे। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर वे उनसे भी अभद्र व्यवहार करने लगे। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने फोन कर अपने अन्य साथियों को बुला लिया और कुछ ही देर में 25 से 30 लोगों की भीड़ चौहान टोला पहुंच गई।
पीड़ितों का आरोप है कि भीड़ ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला किया, महिलाओं और बच्चियों के साथ दुर्व्यवहार एवं छेड़खानी की तथा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। हमले से जान बचाने के लिए परिवार के कई सदस्य पास के एक ईंट भट्ठे में छिप गए और वहीं से पुलिस को सूचना दी। बताया गया कि पुलिस के पहुंचने से पहले सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। बुधवार को पीड़ित परिवार के सदस्य थाना पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि परिवार के अधिकांश सदस्य अशिक्षित हैं, जिसके कारण समाचार लिखे जाने तक लिखित आवेदन नहीं दिया जा सका था।

मामले पर थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने कहा कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार से आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा तथा महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार नजर बनाए हुए है।



