
हुसैनाबाद : माइंस के गड्ढे में डूबा युवक, तलाश में जुटी पुलिस, सोहया पहाड़ की खदान फिर विवादों के केंद्र में
Palamu : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के सोहया पहाड़ स्थित दमदमी गांव के समीप माइंस के गहरे गड्ढे में एक युवक के डूब जाने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार पतरा खुर्द निवासी लवकुश कुमार पानी में जाने के बाद वापस नहीं लौटे, जिसके बाद उनके डूबने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खोजबीन में जुटी हुई है। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई है और पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि जिस माइंस के गड्ढे में यह घटना हुई है, वह पहले से ही विभिन्न विवादों को लेकर चर्चा में रहा है। ग्रामीणों द्वारा कई बार सुरक्षा मानकों और खदान क्षेत्र में बने गहरे जलभराव वाले गड्ढों को लेकर सवाल उठाए जाते रहे हैं। अब युवक के डूबने की इस घटना ने एक बार फिर माइंस संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका है और पुलिस तथा स्थानीय लोगों द्वारा तलाश अभियान लगातार जारी है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। युवक के मिलने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



