पलामू में पहली बार होगी संगीत नाटक अकादमी का कार्यक्रम
टाउन हॉल में दिखेंगे नीलांबर, पीताम्बर, भवानी बक्स राय, कर्नल डाल्टन, मेजर मैकडॉनल्ड और रानी चंद्रावती कुंवर
Palamu : बुधवार को शाम यह शहर एक यादगार शाम की गवाह बनेगी जब उनके सामने पलामू के शूरवीर नीलांबर, पीताम्बर, भवानी बक्स राय, कर्नल डाल्टन, मेजर मैकडॉनल्ड, रानी चंद्रावती कुंवर जैसे शक्श मूर्त रूप लेते नजर आएंगे।

मासूम आर्ट ग्रुप के अध्यक्ष विनोद कुमार पांडे ने बताया कि संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली के द्वारा, नगरनिगम मेदिनीनगर के सहयोग से राष्ट्रगान वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी अवसर पर मासूम आर्ट ग्रुप के द्वारा उज्ज्वल सिन्हा के निर्देशन में प्रो राकेश कुमार सिंह रचित उपन्यास महासमर की सांझ पर आधारित सैकत चट्टोपाध्याय द्वारा लिखित नाटक “सोचो कि आजादी के असली नायक कौन रहे थे और बोलो बंदे मातरम” की प्रस्तुति होगी।
इस नाटक में नीलांबर पीताम्बर के अलावा राजा भवानी बक्स राय, कर्नल डाल्टन, मेजर मैकडॉनल्ड, भूखा साव, रानी चंद्रावती कुंवर जैसे ऐतिहासिक पात्र भी जी उठेंगे। श्री पांडे ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक पल होगा जब पूरे देश में एक साथ , एक दिन, एक ही समय में 150 शहरों में 150 अलग अलग नाटक की प्रस्तुति होगी। यह कलाकार और कलाप्रेमियों के लिए अभूतपूर्व क्षण होगा।
श्री पांडे ने बताया कि इस नाटक में करीब 35 कलाकार भाग ले रहे है। नाटक में प्रकाश व्यवस्था सम्हालने के लिए पटना से विनय चौहान आए है जबकि संगीत की जिम्मेवारी उत्तरप्रदेश के विजय शंकर राम, पलामू के राजा सिन्हा और सिकंदर कुमार उठा रहे है।

जानिए कब है कार्यक्रम
आयोजक : संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली
सहयोग: मेदिनीनगर नगर निगम
स्थान : टाउन हॉल, मेदिनीनगर
दिनांक : 15 जुलाई 2026
दिन: बुधवार
समय : 06 बजे शाम से
ये होंगे सम्मानित
इस कार्यक्रम में झारखंड से संगीत नाटक अकादमी के सदस्य और मूर्धन्य संगीतकार नंदलाल नायक, महासमर की सांझ के लेखक प्रो राकेश कुमार सिंह और नीलांबर पीताम्बर पर नाटक लिखने वाले डॉ रमेश चंचल को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जायेगा। इस अवसर पर जिले के कई स्वतंत्रता सेनानियों के वंशज भी मौजूद रहेंगे।




