
पांकी : एसपी से लगाई न्याय की गुहार, हत्या के एक माह तीन दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं
Palamu : पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत आसेहार गांव में हुई एक महिला की हत्या के मामले में एक माह तीन दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से मृतका के परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने पुलिस अधीक्षक, पलामू को लिखित आवेदन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पांकी (आसेहार) निवासी दिनेश भुईया स्वर्गीय रामलखन राम की पत्नी ललिता देवी (उम्र लगभग 40 वर्ष) की 12 जनवरी 2026 को एक बराछया समारोह के दौरान हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद परिजनों द्वारा संबंधित थाना में मामला दर्ज कराया गया, लेकिन अब तक किसी भी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
परिजनों का आरोप है कि घटना को एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। इससे परिवार के सदस्य भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं। आवेदन में पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की गई है।
परिवार के सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी सारी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इधर, पांकी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से छानबीन कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन इस संवेदनशील मामले में कितनी तत्परता दिखाता है और पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिल पाता है।




