
फसल और घर बचाने के लिए लगाए करंट की चपेट में आया जंगली हाथी, मौके पर मौत
Latehar: जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र की झाबर पंचायत के कोमर गांव स्थित कुसी टोला में रविवार शाम बिजली करंट की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई।घटना के बाद वन विभाग और बालूमाथ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, गांव के बिफा उरांव के घर के आसपास मक्का की फसल लगी हुई थी। करीब पांच दिन पूर्व जंगली हाथियों का झुंड मक्का की फसल खाने के लिए गांव पहुंचा था। इस दौरान हाथियों ने फसल को नुकसान पहुंचाने के साथ बिफा उरांव के घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
सूत्रों से पता चला कि हाथियों से फसल और घर को बचाने के उद्देश्य से बिफा उरांव ने अपने घर के आसपास बिजली का तार लगाकर उसमें करंट प्रवाहित कर दिया था। रविवार की शाम हाथियों का झुंड दोबारा बिफा उरांव के घर के पास पहुंचा। इसी दौरान एक हाथी करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हाथी की मौत की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और बालूमाथ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। रेंजर नंदकुमार मेहता ने बताया कि हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। मेडिकल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। हाथी के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। वन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।





