
बंद घर का ताला तोड़कर छह लाख के जेवरात व नकदी की चोरी
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए चोर,एसडीपीओ ने जल्द उद्भेदन का दिया भरोसा
Latehar : सदर थाना क्षेत्र के पहाड़पुरी मुहल्ला के निशांत कुमार सिंह उर्फ राहुल के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब छह लाख रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।फुटेज में दो चोर दिखाई दे रहे हैं। दोनों एक अर्धनिर्मित मकान की ओर से आते हैं और बाउंड्री पार कर घर के अंदर प्रवेश करते नजर आ रहे हैं। इनमें एक चोर उजले रंग का तो दूसरा काले रंग का स्वेटर पहने हुए है। घटना घर की है।
भुक्तभोगी निशांत ने बताया कि मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे वह पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दिल्ली जाने के लिए ट्रेन पकड़ने रांची गए थे। उसी दिन शाम करीब 7 बजे जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।अंदर जाने पर देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और लोहे की अलमीरा को तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान गायब थे।
उन्होंने बताया कि चोरों ने पत्नी का एक सोने का चेन, सोने की आठ जोड़ी कान की बालियां, चार सेट चांदी की पायल, पति-पत्नी की पांच सोने की अंगूठियां, सोने का हार सेट, जरूरी दस्तावेज और 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब छह लाख रुपये है। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता और थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। एसडीपीओ ने बताया कि चोरी की घटना हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।




