भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय गृह मंत्री समेत शीर्ष नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

New Delhi-Ranchi : जनजातीय समाज के महानायक और “धरती आबा” के नाम से विख्यात भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, झारखंड के राज्यपाल समेत शीर्ष नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष, बलिदान और आदिवासी अधिकारों के लिए किए गए योगदान को याद किया। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने एक्स पर पोस्ट कर भगवान बिरसा मुंडा को साहस, स्वाभिमान और न्याय के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक उलगुलान के माध्यम से बिरसा मुंडा ने उत्पीड़न के विरुद्ध प्रतिरोध की भावना जगाई और आदिवासी समुदायों को अपने अधिकारों, पहचान और सम्मान की रक्षा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि झारखंड के राज्यपाल और बाद में उपराष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालने के पहले दिन उन्हें बिरसा मुंडा के जन्मस्थान उलिहातु में श्रद्धांजलि अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भगवान बिरसा मुंडा को जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाला महान जननायक बताते हुए कहा कि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का गौरवशाली अध्याय है।

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि बिरसा मुंडा ने उलगुलान आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजी शासन के खिलाफ आजादी का शंखनाद किया था। उन्होंने आदिवासी समाज को अपने अधिकारों और विरासत की रक्षा के लिए संगठित किया तथा जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें स्वाधीनता के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करने वाला जननायक बताते हुए कहा कि विदेशी शासन, अन्याय और शोषण के विरुद्ध उनका संघर्ष आज भी राष्ट्र को प्रेरित करता है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्यण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिरसा मुंडा को स्वाधीनता संग्राम का महानायक बताते हुए कहा कि उनका जीवन देश के लिए प्रेरणा का अमर स्रोत है।

वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और मनोहर लाल ने भी उनके बलिदान और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि बिरसा मुंडा का अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष और आदिवासी अधिकारों के लिए उनका जनजागरण अभियान स्वतंत्रता संग्राम का महत्वपूर्ण अध्याय रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए बिरसा मुंडा द्वारा छेड़ा गया उलगुलान आज भी देशवासियों को प्रेरित करता है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बिरसा मुंडा को आदिवासी अस्मिता और अधिकारों का महानायक बताते हुए कहा कि उनका संघर्ष और विचारधारा न्याय, समानता और वंचित समुदायों के अधिकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी उन्हें सादर नमन करते हुए आदिवासी अधिकारों की रक्षा के उनके संघर्ष को याद किया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जनजातीय अस्मिता तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ब्रिटिश हुकूमत के विरुद्ध उनके नेतृत्व में हुआ ऐतिहासिक उलगुलान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का अमर अध्याय है। उनका अदम्य साहस, संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान कृतज्ञ राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने जल-जंगल-जमीन की रक्षा और राष्ट्र की स्वाधीनता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। जनजातीय समाज की अस्मिता व संस्कृति के संरक्षण के लिए भी निरंतर संघर्षशील रहे।

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने स्वतंत्रता संग्राम के महानायक और झारखंड की माटी के वीर सपूत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को उनकी पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी करते हुए कहा कि जनजातीय अस्मिता और सामाजिक न्याय के लिए उनका संघर्ष सदैव सभी को प्रेरित करता रहेगा।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी भगवान बिरसा मुंडा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उन्हें महान स्वतंत्रता सेनानी, आदिवासी संस्कृति और अस्मिता के रक्षक के रूप में याद किया।दोनों नेताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!