मनातू में अल्ट्रासाउंड सेंटर सील, संचालक व मकान मालिक पर FIR की तैयारी
Palamu : पलामू मनातू पदमा नाका चौक स्थित मीना अल्ट्रासाउंड सेंटर का गुरुवार को एसडीओ सह एसडीएम संजय पाण्डेय के नेतृत्व में औचक निरीक्षण किया गया। सेंटर बंद मिला और संचालक अमित कुमार का मोबाइल भी बंद पाया गया।

मकान मालिक गिरेन्द्र प्रजापति के करीब दो घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचने के बाद प्रशासन की मौजूदगी में सेंटर का ताला तोड़कर जांच की गई।जांच के दौरान अंदर अल्ट्रासाउंड मशीन, मरीजों के अभिलेख, रजिस्टर और अन्य दस्तावेज मिले। रजिस्टर के अनुसार सेंटर में करीब सात माह से नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड किए जाने की बात सामने आई। निरीक्षण के दिन भी दो मरीजों की जांच का उल्लेख मिला।प्रथमदृष्टया पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट, 1994 के प्रावधानों के उल्लंघन की बात सामने आने पर सेंटर को सील कर दिया गया। मशीन, अभिलेख व अन्य सामग्री की इन्वेंट्री भी तैयार की गई।
मामले में संचालक अमित कुमार और मकान मालिक गिरेन्द्र प्रजापति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. इमरान आलम ने मनातू थाना में आवेदन दिया है।



