
मनातू : सड़क दुर्घटना में 22 वर्षीय युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल रांची रेफर
Palamu : मनातू थाना क्षेत्र में बीती रात हाइवा वाहन की चपेट में आकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान मनातू थाना क्षेत्र के बिहरा गांव निवासी जुनंदन उरांव के पुत्र विनेश उरांव उम्र 22 वर्ष और घायल युवक की पहचान उसी गांव के पंकज कुमार उम्र 23 वर्ष के रूप में की गई है।इस घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि सोमवार की रात करीब 7:00 दोनों युवक बाइक पर सवार होकर नावाजयपुर अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में मनातू थाना क्षेत्र के कार्तिक उरांव हाई स्कूल के पास एक तेज रफ्तार हाइवा वाहन ने उनके बाइक को टक्कर मार दी।जिसमें बाइक से गिरकर दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा इस घटना की जानकारी परिजनों को दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों घायल को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे।जहां चिकित्सकों ने विनेश कुमार को मृत घोषित कर दिया।वही घायल पंकज कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया है।वही घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और पुलिस जवान महेंद्र कुमार,विकास कुमार अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना के बारे में जानकारी लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गए हैं।
घटना के बाद मनातू थाना की पुलिस दोनों वाहन को जप्त कर थाना ले गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।वही इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



