
महापौर अरुणा शंकर ने बेलवाटीका पम्पूकल का किया निरीक्षण, कहा : स्वच्छ पानी मिलने में और लगेगा तीन-चार दिन
Palamu : मेदिनीनगर नगर निगम में पिछले कुछ दिनों से हो रही दूषित जलापूर्ति की जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर अरुणा शंकर ने शनिवार को स्थानीय पम्पूकल का औचक निरीक्षण किया। जहां उन्होंने जल शोधन प्रणाली और सप्लाई पाइपलाइनों की बारीकी से जांच करते हुए अधिकारियों व तकनीकी टीम के साथ वस्तुस्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने पम्पूकल के संचालन में आ रही तकनीकी बाधाओं और फिल्टरेशन प्रक्रिया में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को गहराई से समझा। मौके पर मौजूद कनीय अभियंताओं को कड़े लहजे में उन्होंने निर्देशित किया कि मशीनरी में जो भी तकनीकी खराबी है, उसे अविलंब दुरुस्त किया जाए। ताकि नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता न हो।

महापौर ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि मरम्मत और सफाई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। जिसके परिणामस्वरूप आगामी एक-दो दिनों के भीतर ही वार्डों में पूरी तरह स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पानी की सप्लाई सुचारू रूप से बहाल कर दी जाएगी।

इस मौके पर उन्होंने विभाग को नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव और जल भंडारण टैंकों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित करने का भी सख्त निर्देश दिया। ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो सके। महापौर ने बताया कि गत दिनों अचानक कोयल नदी में बाढ़ आने की वजह से गंदा पानी का प्रवाह नदी में होने लगा। जिसके चलते पंपू कल टंकी में भी मिट्टी मिला पानी आ गया। जिसे प्लांट द्वारा सफाई कराया जा रहा है।




