
लातेहार में एक दिवसीय भर्ती कैंप आयोजित, 11 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
Latehar : जिला नियोजन कार्यालय, लातेहार की ओर से शुक्रवार को जिला खेल स्टेडियम परिसर में “रोजगार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय भर्ती कैंप सह निबंधन कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य झारखंड राज्य के युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र की कंपनियों एवं संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था।कार्यक्रम का शुभारंभ जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने जिला नियोजनालय द्वारा दी जा रही सुविधाओं एवं भर्ती कैंप के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उपस्थित कंपनियों के प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने युवक-युवतियों को उनकी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
भर्ती कैंप में विभिन्न निजी कंपनियां एवं संस्थान हुए शामिल।

भर्ती कैंप में विभिन्न निजी कंपनियां एवं संस्थान शामिल हुए, जिनमें टेरियर सिक्योरिटी सर्विसेज, रेहला पलामू, फ्रीडम एंप्लॉयबिलिटी एकेडमी लातेहार, दक्ष्या एकेडमी प्राइवेट लिमिटेड तथा फ्रंटेज इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड शामिल थे। कंपनियों द्वारा सिक्योरिटी गार्ड, टीचर ट्रेनर, मोबिलाइजर/मार्केटिंग ऑफिसर, सेंटर मैनेजर, काउंसलर, रिसेप्शनिस्ट एवं हाउसकीपर सहित विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई।जिला नियोजन सह जिला कौशल पदाधिकारी कुमार ने मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत सक्षम झारखंड कौशल विकास योजना एवं बिरसा योजना की जानकारी देते हुए युवाओं से जिले में संचालित आवासीय एवं गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला नियोजनालय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा आगे भी भर्ती कैंप एवं रोजगार मेले आयोजित किए जाते रहेंगे।भर्ती कैंप में लगभग 150 युवक-युवतियों ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों द्वारा 11 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि 66 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। इसके अलावा करीब 15 युवक-युवतियों को जिला नियोजनालय में निबंधन के लिए फॉर्म उपलब्ध कराया गया।कार्यक्रम में कार्यालय के कर्मी सुभाष कुमार, प्रवीण तिर्की, लक्ष्मीकांत तिवारी एवं धीरेंद्र यादव भी उपस्थित थे।





