
लातेहार में चोरी की घटनाओं का पुलिस ने किया उद्भेदन, चार आरोपी गिरफ्तार
रेलवे स्टेशन से चोरी के जेवरात बरामद, पूछताछ में कई कांडों में संलिप्तता का खुलासा
Latehar : जिले में बढ़ती चोरी एवं गृहभेदन की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लातेहार के नेतृत्व में गठित छापामारी दल को बड़ी सफलता मिली है।
तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार की जा रही कार्रवाई के क्रम में पुलिस ने बीते 17 सितंबर को लातेहार रेलवे स्टेशन से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य सामान के साथ चार संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में (1)शीतल कुमारी, उम्र 18 वर्ष,(2)मार्गो खेरवार, उम्र लगभग 18 वर्ष पता डालमिया नगर डेहरी जिला रोहतास विहार (3)मनीषा देवी, उम्र 24 वर्ष(4)बंटी कुमार उर्फ बड्डू, उम्र लगभग 18 वर्ष के रुप में हुई है।ये सभी वर्तमान पता बारियातू थाना क्षेत्र, जिला लातेहार के निवासी बताए गए हैं।पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने की 02 पीस चेन, 03 पीस मंगलसूत्र, 01 पीस मांगटीका, 02 पीस जिउतिया तथा 02 पीस अंगूठी बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान उन्होंने लातेहार थाना क्षेत्र के चंदनडीह, बानपुर, मोंगर एवं करकट तथा चंदवा और बारियातू थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गुलगुलिया बनकर गांव का करते रहते थे भ्रमण
वहीं शुक्रवार को पुलिस सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी के द्वारा चोरी की घटनाओं को अंजाम देने से पहले ए लोग गुलगुलिया का रूप धारण कर गांव-गांव घूमकर रेकी करते थे।
बंद घरों को चिन्हित करने के बाद मौका देखकर चोरी करते थे और इसके बाद सीमावर्ती जिलों अथवा अन्य राज्यों की ओर फरार हो जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही एवं पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चोरी के कई मामलों का उद्भेदन किया है।
आगे उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध छह से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से आगे भी पूछताछ की जा रही है।ताकि चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।




