शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा का गाजे-बाजे के साथ हुआ प्रतिमा विसर्जन
Palamu : मेदिनीनगर शहर में गुरुवार को शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा की पूजा श्रद्धा और भक्तिभाव से की गयी।भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गयी. वहीं लोगों ने अपने घरों के अलावा छोटे-बड़े वाहनों, शोरूम और गैरेज में भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा की. श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

शुक्रवार को हवन-पूजन के बाद गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकाला गया. जुलूस में शामिल लोग बाबा विश्वकर्मा के जयकारे लगाते हुए नाचते-गाते और झूमते हुए देर शाम कोयल नदी पहुंचे।यहां विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।वही जिला मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित तकनीकी शिक्षण संस्थानों, मोटर गैरेज, संध्या सर्विसिंग सेंटर, विद्युत विभाग कार्यालय, सुदना बिजली ग्रिड, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग कार्यालय, कांदु मोहल्ला टेंपो चालक संघ, पंपूकल, ऑटोमोबाइल सेंटर सहित कई जगहों पर श्री विश्वकर्मा पूजा महोत्सव हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया।
शहर के बेलवाटिका कोयल नदी तट स्थित भगवान विश्वकर्मा के मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी. शंकर विश्वकर्मा, पंकज विश्वकर्मा सपत्नीक यजमान पूजा में शामिल थे. पंडित राहुल शास्त्री ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराया. भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया।



