
लोकसभा में संविधान संशोधन पर चर्चा जारी, विपक्ष पर जमकर बरसे ललन सिंह
New Delhi : संविधान में संशोधन के लिए पेश किए गए विधेयकों पर आज भी चर्चा जारी है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी लोकसभा में इन विधेयकों पर विचार रखेंगे। इससे पहले संसद के विशेष सत्र में पहले दिन की चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, असदुद्दीन ओवैसी, प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे। जदयू से लोकसभा सांसद राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने भी लोकसभा में संविधान संशोधन पर चर्चा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया। ललन सिंह ने कहा कि 50 फीसदी आबादी वाली महिलाओं के लिए लाया गया कानून जल्दबाजी में नहीं लाया गया है।

ललन सिंह ने इस दौरान कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस वाले ऐसे सामाजिक संशोधन को लागू नहीं होने देंगे। ललन सिंह ने कहा- प्रधानमंत्री ने सभी को सचेत किया है कि अगर इसका विरोध किया गया तो वर्षों तक इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने तमाम सभी पदों पर महिलाओं को आरक्षण दिया। लालू जी ने नीतीश जी के फैसले का विरोध किया और आज तक लालू जी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। आज बिहार की महिलाएं एनडीए के साथ खड़ी हैं।
ललन सिंह ने आगे कहा- 2023 से मातृत्व शक्ति इस बिल के पास होने का इंतजार कर रही है, तो आप सभी अन्याय मत किजिए। मातृत्व शक्ति की भावना के अनुरूप प्रधानमंत्री ये बिल लाएं हैं। मैं विपक्ष से अनुरोध करता हूं तो हठधर्मिता छोड़ दिजिए, नहीं तो आपको खामियाजा भुगतना पड़ेगा, जैसे बिहार में लालू जी 2005 से 2026 तक भुगत रहे हैं।




