
सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा रिम्स रेफर

Ramprit lohra @united palamu
बारियातू : थाना क्षेत्र के बारियातू-टोंटी मुख्य सड़क स्थित सरहचवा टोला के समीप बुधवार को सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान साल्वे पंचायत के बारिखाप निवासी मुंशीलाल पाल उर्फ बनारसी के 18 वर्षीय पुत्र विकास लाल पाल के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में कार्तिक भगत के 18 वर्षीय पुत्र रितेश भगत गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है कि दोनों युवक बाइक संख्या जेएच 01 एफडी 0637 पर सवार होकर किसी काम से टोंटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सरहचवा टोला के समीप बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विकास लाल पाल के माथे समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह अचेत हो गया। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विकास लाल पाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रितेश भगत का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही विकास के परिजन बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। चिकित्सकों द्वारा विकास को मृत घोषित किए जाने की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया गया कि विकास अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव गांव पहुंचने के बाद स्थानीय मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार में पंचायत के मुखिया राजीव भगत, प्रमुख उर्मिला देवी, जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र गंझू, उपाध्यक्ष लाल आशीष नाथ शाहदेव, भुनेश्वर यादव, मो. शमीम अंसारी, टोंटी मुखिया शांति देवी, पंसस मो. होजैफा, राजदेव उरांव, पवन यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।





