हरिहरगंज में वज्रपात से 3 भैंसों की मौत, पशुपालक बेहोश

बारिश के बीच अलग-अलग जगहों पर गिरी आकाशीय बिजली, पशुपालकों को करीब 1.70 लाख रुपये का नुकसान

Palamu : हरिहरगंज और पीपरा थाना क्षेत्र में बारिश के दौरान वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में तीन भैंसों की मौत हो गयी. हरिहरगंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव स्थित हड़ियाही मुख नहर के समीप वज्रपात की चपेट में आने से दो भैंसों की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं, भैंस मालिक कुलहीया गांव निवासी कृष्णा यादव भी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल हरिहरगंज सीएचसी पहुंचाया, जहां इलाज के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति सामान्य बताते हुए छुट्टी दे दी.


जानकारी के अनुसार, कृष्णा यादव अपनी दोनों भैंसों को लेकर जहाना गांव की ओर जा रहे थे. इसी दौरान जगदीशपुर स्थित हड़ियाही मुख नहर के पास अचानक तेज बारिश के बीच वज्रपात हो गया. आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दोनों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे में कृष्णा यादव भी बेहोश होकर गिर पड़े. घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.


इंजीनियर संजय यादव ने बताया कि मृत दोनों भैंसों की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये थी. अचानक हुए वज्रपात से पशुपालक को आर्थिक नुकसान हुआ है. उधर, पीपरा थाना क्षेत्र के मधुबाना गांव निवासी नारायण यादव की दुधारू भैंस की भी वज्रपात से मौत हो गयी. बताया गया कि भैंस बरवाडीह गांव के खेत में चर रही थी. इसी दौरान बारिश के बीच अचानक वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से भैंस की मौत हो गयी. भैंस की कीमत करीब 80 हजार रुपये बतायी गयी है. घटना की जानकारी मिलने के बाद जिप सदस्य ददन पासवान पीड़ित पशुपालक के घर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया तथा प्रशासन से नियमानुसार मुआवजा दिलाने की पहल करने की बात कही.

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!