संत मरियम स्कूल में श्रद्धा और उत्साह के साथ मना विश्वकर्मा पूजा

बस चालकों, सह-चालकों सहित तकनीकी एवं सेवा कार्यों से जुड़े कर्मचारियों को अंगवस्त्र, उपहार व प्रशंसा प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित

Palamu : संत मरियम आवासीय विद्यालय कजरी परिसर में भगवान विश्वकर्मा की पूजा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुई। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर विद्यालय के सभी बस चालकों एवं सह-चालकों ने अपने-अपने वाहनों की विधिवत साफ-सफाई कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान विद्यालय की व्यवस्था, वाहनों एवं विभिन्न उपकरणों की सुख-समृद्धि, सुरक्षा और सुचारु संचालन की कामना की गई।

पूजा समारोह के अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने बस चालकों एवं सह-चालकों, इलेक्ट्रीशियन, किचन स्टाफ, सफाई कर्मियों सहित विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को अंगवस्त्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं उत्कृष्ट कार्य एवं बेहतर योगदान देने वाले कर्मचारियों को एप्रिसिएशन सर्टिफिकेट प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई।

चेयरमैन अविनाश देव ने कर्मचारियों को उनकी कार्य-भूमिका के अनुरूप उपयोगी उपकरण भी प्रदान किए। इलेक्ट्रीशियन, बस चालकों एवं सहचालकों को उपहार के साथ टेस्टर एवं प्लास देकर उन्होंने अपने कार्यों को पूरी जिम्मेदारी, सावधानी और ईमानदारी के साथ करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की पूरी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है।विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही से लेकर स्वच्छता, भोजन, तकनीकी व्यवस्था और दैनिक संचालन तक कर्मचारियों का परिश्रम विद्यालय की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण आधार है।

सभी कर्मचारियों को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए चेयरमैन ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, श्रम, तकनीक और कर्म के प्रतीक हैं। उनके प्रति सच्ची श्रद्धा तभी सार्थक होगी, जब हम अपने कार्य को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें। कार्यक्रम में प्राचार्य कुमार आदर्श, छात्रावास अधीक्षक उत्कर्ष देव, एडवोकेट ओंकार नाथ तिवारी, प्रवीण दुबे, बस प्रबंधक अविनाश सिंह, जितेंद्र सिंह, राजेश राय समेत विद्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!