हुसैनाबाद की बेटी बनी अधिवक्ता, ऑल इंडिया बार परीक्षा उत्तीर्ण कर स्नेहा पाण्डेय ने बढ़ाया पलामू का मान
Dr. Satendra Kumar Chandel
Palamu : हुसैनाबाद अनुमंडल के वरिष्ठ पत्रकार एवं रोहतास के बांदू गांव के मूल निवासी जयनन्दन पाण्डेय की छोटी पुत्री स्नेहा पाण्डेय ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बल पर कानून के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने के बाद वह आधिकारिक रूप से अधिवक्ता (एडवोकेट) बन गई हैं।

स्नेहा पाण्डेय ने वर्ष 2021 में कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) उत्तीर्ण किया था। क्लैट में सफलता के आधार पर उन्होंने देहरादून स्थित उत्तराखंड विश्वविद्यालय में प्रवेश लेकर पांच वर्षीय समेकित एलएलबी पाठ्यक्रम उत्कृष्ट अंकों के साथ पूरा किया। इसके बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन में सफलता हासिल कर उन्होंने विधि व्यवसाय के लिए आवश्यक पात्रता भी प्राप्त कर ली।
स्नेहा की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पलामू जिला और पूरा हुसैनाबाद क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उनकी सफलता को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायी बताया जा रहा है। सोशल, शैक्षणिक और राजनीतिक क्षेत्रों से उन्हें लगातार बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ मिल रही हैं।
इस अवसर पर मध्य जिला परिषद प्रत्याशी मिथलेश कुमार सिंह ने स्नेहा पाण्डेय को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता यह साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियाँ भी अपनी लगन और परिश्रम के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकती हैं। उन्होंने स्नेहा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह न्याय के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, ईमानदारी और समर्पण के साथ समाज की सेवा करेंगी तथा भविष्य में भी अपने परिवार और हुसैनाबाद-पलामू का नाम रोशन करती रहेंगी।




