हुसैनाबाद में मर्डर, स्कॉर्पियो रोककर बात कर रहे युवक की कनपटी में मारी गोली, दहला इलाका
Palamu : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के शहरी इलाके में बुधवार की देर शाम करीब 8:30 बजे पुरन्दरबिगहा गांव के समीप जपला-दंगवार मुख्य सड़क पर गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। यहां कचरा गांव निवासी भुनेश्वर सिंह उर्फ भूलन सिंह के 32 वर्षीय पुत्र ओम प्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह को अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी।
घटना विधायक संजय कुमार सिंह यादव के आवास के नजदीक होने के कारण इलाके में और भी चर्चा का विषय बन गई है। वर्तमान में छोटू सिंह जपला के सिद्धनाथ पेट्रोल पम्प के निकट शिवशक्ति नगर में सपरिवार रहते थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छोटू सिंह अपनी स्कॉर्पियो सड़क किनारे रोककर किसी से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक अज्ञात हमलावर ने उनकी कनपटी पर गोली दाग दी। गोली लगने के बाद उन्होंने जान बचाने के लिए गाड़ी का गेट खोलकर भागने का प्रयास किया। इसी क्रम में उन्हें शरीर के अन्य हिस्सों में भी दो और गोलियां लगने की सूचना है।
घायल अवस्था में भागते हुए छोटू सिंह मुख्य सड़क से कुछ दूरी पर जाकर धड़ाम से गिर पड़े। इसके बाद कथित हमलावर बाइक पर सवार होकर दंगवार की ओर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल के आसपास एक अन्य बाइक सवार भी बाइक स्टार्ट कर खड़ा था, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इधर, गंभीर रूप से घायल छोटू सिंह को परिजन इलाज के लिए मेदिनीनगर लेकर रवाना हुए। जबकि स्थानीय चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।परिजनों को उम्मीद है कि चिकित्सकीय प्रयासों से उनकी जान बचाई जा सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गोलीकांड के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य कारण हैं, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।



