19 जुलाई को गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल में होगी पलामू की पहली जिला राइफल शूटिंग चैंपियनशिप
Palamu : पलामू जिला राइफल शूटिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में जिले की पहली पलामू जिला राइफल शूटिंग चैंपियनशिप की घोषणा की गई। यह प्रतियोगिता 19 जुलाई 2026 को गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल, रांची रोड, मेदिनीनगर में सुबह 7 बजे से आयोजित होगी।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश देव ने कहा कि झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन द्वारा 29 से 31 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाली 16वीं झारखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए जिला स्तर पर खिलाड़ियों का चयन आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पलामू जिला राइफल शूटिंग एसोसिएशन यह जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित कर रही है, ताकि जिले के प्रतिभाशाली निशानेबाजों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
सचिव सुमित वर्मन ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी प्रशिक्षित राइफल शूटर होने चाहिए। प्रतिभागियों के पास अपनी एयर राइफल/एयर पिस्टल तथा पेलेट होना अनिवार्य है। प्रतियोगिता में कोई प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया है। हमारा उद्देश्य केवल प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसर देना है, इसलिए यह चैंपियनशिप पूर्णतः निःशुल्क आयोजित की जा रही है।उन्होंने कहा कि पलामू जिला राइफल शूटिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह पहली जिला राइफल शूटिंग चैंपियनशिप होगी, जो जिले में शूटिंग खेल को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इस प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित खिलाड़ी राज्य चैंपियनशिप में पलामू का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आनंद कुमार, कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, सचिव सुमित वर्मन सहित खिलाड़ी मृत्युंजय कुमार एवं ललन प्रजापति, सतीश कुमार , भुनेश जी उपस्थित रहे।एसोसिएशन ने जिले के सभी योग्य राइफल शूटरों से अपील की है कि वे इस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें तथा पलामू को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में अपना योगदान दें।




